Tuesday, July 10, 2012

जिस्म यहाँ और रूह कहीं और थी,

# # # #
रुंधा सा गला , भीगी सी कोर थी 
तिरे शानों पे मिरे अश्कों की ठौर  थी. 


रोके से रुक गया था वो आशना 
जिस्म यहाँ और रूह कहीं और थी,


काँप उठी जमीं रो दिया आसमां 
वो  थी मेरी आहें  के कोई शोर थी. 


काली शब थी के घटा सावन की 
बादल था वही बारिश कोई और थी. 


महफ़िल में रही बरपा  खामुशी ही 
नग्मा था वही ,धुन कोई और थी.

Tuesday, July 3, 2012

उदार स्नेह


# # # 
लगा कर तिलक 
लौ का
किया था 
स्वागत
दीये ने 
अँधेरे का,
देखो 
दीपक के   
उदार स्नेह  ने 
कर दिया था 
रंग फीका
मावस के 
चेहरे का..

Monday, July 2, 2012

फ़ित्रत


# # #
कली और फूल,
कोंपल और शूल.
निकलेंगे कहाँ,
जाने यह 
कुदरत,
मैं  माटी
जानूं मैं बस
बीज की फ़ित्रत.. 

Sunday, July 1, 2012

शीतल सावन...

# # # #
थातियाँ लुटती रही
बातियाँ बुझती रही
होते रहे चन्द हादसे
ज़िन्दगी चलती  रही.

झूठ सच लगने लगा
मन मेरा भगने लगा
किस पर क्या हावी हुआ
अनचाहा जगने लगा.

रुक के देखा था मैं ने  
क्या से क्या यह हो गया
मुझ से चेतन मानव का
सब कुछ क्यों ऐसे खो गया.

झाँका जो मैंने दर्पण में
खुद  से ही घबराया था
मैं नहीं वहां जो दिख रहा  
हा ! किस से मैं टकराया था.

गफ़लत ने घेरा था मुझको
मैं जश्न मनाता डूबा था
प्यास रूहानी बुझी नहीं
उस  झूठे दरिया से ऊबा था.

जब जागा था मैंने जाना
वो नहीं रास्ता मेरा था
भटका था मैं जिन गलियों में
नहीं कोई वास्ता मेरा था.

चोट ऊपरी  ताज़ा थी
उसने मरहम  लगा दिया
रोशन हो गया जहाँ मेरा
रस्ता उसने दिखा दिया.

लौटा हूँ जानिब खुद के मैं
खोया सुकूं फिर पाया है
तपते जलते इस  जीवन में
शीतल सावन घिर आया है.

Friday, June 29, 2012

चश्म नयी धुन का..

# # #
छूए जा रही है
मुसलल
ये ज़िन्दगी
मेरी सारंगी के तार,
नहीं उभर रहें है
मगर
वो बिसरे नगमे
भूल जाना मेरा
बन गया है
चश्म
एक नयी
धुन का...

Wednesday, June 27, 2012

सदा उश्शाक हुई जाती है .....(Extempore)


# # # #
सदा उश्शाक हुई जाती है 
अदा कज्जाक हुई जाती है.

जिस्म बेबाक हुआ जाता है 
रूह सफ्फाक हुई जाती है.

बरपा है खामोशियाँ हर सू 
आँख नमनाक हुई जाती है.

तुज़ुर्बों का असर है गमे दिल 
जीस्त इद्राक हुई जाती है.

तेरे आने के ना ख़ुशी ओ ग़म
फिजा अख्लाक हुई जाती है.

मंजिलें ना हो मयस्सर मुझ को 
राह  इम्लाक हुई जाती है. 

किस बुत को करें हम सजदा 
ख़ाक रज्जाक हुई जाती है.

बेपनाह इश्क किया थ तुम से 
तू भी गुस्ताख हुई जाती है. 

कैसे सुलझे के पहेली है कठिन
जुल्फ  पेचाक हुई जाती है.

(उश्शाक=प्रेमी,कज्जाक=प्रेयसी,सफ्फाक=निष्ठुर, नमनाक=सजल, जीस्त=ज़िन्दाही,  इद्राक=समझबूझ, अख्लाक=शिष्टाचार, मयस्सर =उपलब्ध,इम्लाक=जायदाद.रज्जाक=ईश्वर, पेचाक=बल खाना.)


Sunday, June 24, 2012

पुल....


# # # #
बनाया तुम ने 
मुझ को 
माटी से, 
बनाती हूँ मैं भी तो 
तुझको 
माटी से ही, 
फर्क इतना है 
फूंक सकते हो 
जान तुम 
सूरत में मेरी  
और 
करती हूँ 
प्राण प्रतिष्ठा मैं 
अपने भावों से 
मूरत में तेरी, 
सच एक तेरा भी है 
सच एक मेरा भी है 
बना रही हूँ 
एक पुल 
बीच दोनों सच के....